घुघली नगर पंचायत में भेदभाव का आरोप: 28 सफाईकर्मियों की सामूहिक शिकायत से मचा हड़कंप
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- घुघली नगर पंचायत में जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। यहां तैनात लगभग 28 सफाईकर्मियों ने सामूहिक रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष जायसवाल और उनके सहयोगियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए घुघली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
भेदभाव और अपमान का आरोप
शिकायत में सफाईकर्मियों ने आरोप लगाया कि काम के दौरान उन्हें जातिगत आधार पर अपमानित किया जाता है, गालियां दी जाती हैं और कई बार पानी तक पीने से रोक दिया जाता है। कर्मचारियों का कहना है कि यह उनकी गरिमा और अधिकारों को ठेस पहुँचाने की सोची-समझी कोशिश है।
कार्य बहिष्कार की चेतावनी
कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से हस्ताक्षर और अंगूठा लगाकर शिकायत थानाध्यक्ष को सौंपी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उत्पीड़न पर रोक नहीं लगी तो वे सामूहिक कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष जायसवाल ने इन आरोपों को निराधार और राजनीतिक प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया है। वहीं घुघली थानाध्यक्ष ने तहरीर मिलने की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाके में गर्म चर्चा
यह मामला सामने आने के बाद नगर पंचायत प्रशासन और अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर क्षेत्र में यह चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है और लोग जिला प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल